यूपी में संपत्ति के लिए कत्लेआम! छोटे बेटे ने कुल्हाड़ी से माता-पिता, बहन और दादी को उतारा मौत के घाट

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। रूपईडीहा थाना क्षेत्र के बसंतपुर उदाल गांव में जमीन और जेवर के विवाद में एक युवक ने अपने ही परिवार के चार सदस्यों की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। मृतकों में आरोपी के माता-पिता, बहन और दादी शामिल हैं। सोमवार को पुलिस ने इस भीषण हत्याकांड का खुलासा किया।
पैसों की भूख ने बनाया हत्यारा पुलिस के अनुसार, आरोपी निरंकार का अपने पिता बदलू राम से जमीन की बिक्री के पैसों और गहनों को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार आधी रात को विवाद इतना बढ़ा कि निरंकार ने आपा खो दिया और कुल्हाड़ी से अपने पिता बदलू राम (60), मां संजू देवी (56), बहन पार्वती (42) और दादी शीतला (80) पर हमला कर दिया। चारों की मौके पर ही मौत हो गई।
भाई पर भी हमला और खुद को किया जख्मी बड़े भाई गुरुदेव ने बताया कि जब उन्होंने बीच-बचाव की कोशिश की, तो निरंकार ने उन पर भी हमला किया। शोर सुनकर जब ग्रामीण इकट्ठा हुए, तो आरोपी ने खुद को पुलिस से बचाने के लिए ईंट से अपने सिर पर वार कर घायल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।