काशी के कोतवाल और बाबा विश्वनाथ के दरबार में योगी, बच्चों को बांटी चॉकलेट और दी होली की बधाई

जापान और सिंगापुर का महत्वपूर्ण दौरा संपन्न कर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को दो दिवसीय दौरे पर काशी पहुंचे। वाराणसी पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले बाबा विश्वनाथ और काशी के कोतवाल कालभैरव के चरणों में मत्था टेका। मंदिर में विधिवत पूजन के साथ-साथ मुख्यमंत्री का बच्चों के साथ बिताया गया समय चर्चा का विषय बना हुआ है।
कालभैरव मंदिर में बच्चों के साथ संवाद मुख्यमंत्री ने कालभैरव मंदिर में आरती में भाग लिया और राज्य की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद बच्चों को देखते ही योगी आदित्यनाथ ने उन्हें पास बुलाया और चॉकलेट बांटी। जब बच्चों ने “हैप्पी होली बाबा जी” कहा, तो मुख्यमंत्री ने हंसकर उनसे उनकी पढ़ाई के बारे में पूछा। इस दौरान उन्होंने एक लस्सी विक्रेता को स्वच्छता का ध्यान रखने की सलाह भी दी।
विश्वनाथ धाम में अभिषेक इसके बाद मुख्यमंत्री श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने गर्भगृह में बाबा विश्वनाथ का षोडशोपचार पूजन और अभिषेक किया। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष से गूंज उठा। मुख्यमंत्री ने वहां मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया और सभी को होली की शुभकामनाएं दीं।