‘फाइव स्टार रथयात्रा और बीजेपी की अंतिम यात्रा!’ ममता बनर्जी ने दी बंगाल चुनाव पर बड़ी भविष्यवाणी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान ममता ने भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ को ‘विनाश यात्रा’ करार दिया। उन्होंने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि फाइव स्टार होटलों में रुककर की जाने वाली यह रथयात्रा बंगाल में भाजपा की ‘अंतिम यात्रा’ साबित होगी।

ममता बनर्जी ने भाजपा नेताओं की जीवनशैली पर तंज कसते हुए कहा, “जनता की तकलीफों से दूर एसी कमरों और फाइव स्टार होटलों में रहने वाले लोग रथ निकाल रहे हैं। यह धर्म का अपमान है। दिल्ली के भाजपा कार्यालय से निर्देश मिल रहे हैं और यहां लोगों को गुमराह किया जा रहा है।” उन्होंने स्पष्ट कहा कि बंगाल की जनता बाहरी ताकतों को कभी स्वीकार नहीं करेगी।

मुख्यमंत्री का सबसे बड़ा आरोप मतदाता सूची (Voter List) में धांधली को लेकर था। अपने निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि साजिश के तहत वहां से लगभग 60,000 मतदाताओं के नाम हटा दिए गए हैं। ममता ने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा, “भवानीपुर एक छोटा निर्वाचन क्षेत्र है। वहां से इतने नाम काटना अमानवीय और बदले की राजनीति है। वे डरे हुए हैं, इसलिए पीछे से वार कर रहे हैं।”

ममता ने आगे कहा, “मैंने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया, बहुत धैर्य रखा, लेकिन उन्होंने जानबूझकर नाम काटे हैं। आज पड़ोसी का नाम कटा है, कल आपका कटेगा। यह लोकतंत्र की हत्या है।” हालांकि, उन्होंने अपने विरोधियों को चुनौती देते हुए कहा कि भले ही वे वोट काट लें, लेकिन वह भवानीपुर से ही चुनाव लड़ेंगी और जीत दर्ज करेंगी। उन्होंने कहा, “मुझे ऊपर वाले पर और बंगाल के हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई भाइयों पर पूरा भरोसा है। अगर जरूरत पड़ी तो मैं इसके खिलाफ धरने पर बैठूंगी।”

आंकड़ों के अनुसार, भवानीपुर में पहले चरण की मतदाता सूची से 47,094 नाम हटा दिए गए हैं, जबकि 14,154 नाम अभी भी ‘विचाराधीन’ श्रेणी में हैं। ममता बनर्जी ने इसे भाजपा की हार का डर बताते हुए कहा कि बंगाल की जनता इस ‘अन्याय’ का जवाब ईवीएम के जरिए देगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *