‘बंगाल में बीजेपी 50 के नीचे आई, तो दिल्ली में गिर जाएगी सरकार!’ अभिषेक बनर्जी का बड़ा दावा

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोमवार को कोलकाता के नजरूल मंच से एक ऐसा बयान दिया है, जिसने राष्ट्रीय राजनीति में हलचल मचा दी है। ‘तपसिलिर संवाद’ (अनुसूचित जाति संवाद) कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अभिषेक ने कहा कि 2026 का बंगाल चुनाव दिल्ली की सत्ता का भविष्य तय करेगा।

अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि अगर आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को बंगाल में 50 सीटों से कम पर रोक दिया जाता है, तो केंद्र की मोदी सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले ही गिर जाएगी। उन्होंने कहा, “बंगाल का संदेश पूरे देश में जाएगा। अगर हम यहां बीजेपी को करारी शिकस्त देते हैं, तो केंद्र में गठबंधन की सरकार बिखर जाएगी और समय से पहले ही सत्ता परिवर्तन होगा।”

बीजेपी शासित राज्यों में अनुसूचित जाति और जनजाति (SC/ST) पर हो रहे अत्याचारों का जिक्र करते हुए अभिषेक ने कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में दलित सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने बीजेपी की ‘परिवर्तन यात्रा’ पर तंज कसते हुए कहा कि यह सिर्फ लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश है। अभिषेक ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों में जाकर सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का प्रचार करें और बीजेपी के ‘छद्म हिंदुत्व’ का पर्दाफाश करें।

राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि अभिषेक बनर्जी का यह बयान केंद्र की राजनीति में ममता बनर्जी और टीएमसी की बड़ी भूमिका की ओर इशारा करता है। अभिषेक ने साफ कर दिया है कि 2026 की जीत न केवल बंगाल को सुरक्षित करेगी, बल्कि दिल्ली में भी बड़े बदलाव की नींव रखेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *