‘ममता दीदी की वजह से पूरे भारत में घुसपैठ का संकट!’ सिलीगुड़ी में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन का बड़ा आरोप

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर घुसपैठ के मुद्दे को लेकर तीखा हमला बोला। सिलीगुड़ी के सुकना में आयोजित बैठकों के दौरान उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में हो रही घुसपैठ अब केवल एक राज्य की नहीं, बल्कि पूरे भारत की समस्या बन गई है।

नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि बंगाल सरकार जानबूझकर बांग्लादेश से लोगों को लाकर यहां बसा रही है और उन्हें रोजगार दे रही है। उन्होंने कहा, “ममता दीदी घुसपैठियों के अधिकारों के लिए दिल्ली तक दौड़ लगाती हैं, लेकिन देश के नागरिकों के अधिकारों का क्या? सीमा सुरक्षा के लिए राज्य सरकार केंद्र को जमीन तक नहीं दे रही है। यह चुनाव बंगाल को और भारत की सीमाओं को सुरक्षित करने का चुनाव है।”

उत्तर बंगाल के विकास की अनदेखी पर राज्य सरकार को घेरते हुए उन्होंने कहा कि 170 साल पुराने दार्जिलिंग चाय उद्योग की हालत आज दयनीय है। जहां देश में सेमि-कंडक्टर हब बन रहे हैं, वहीं बंगाल में कोई नई इंडस्ट्री नहीं आ रही है।

इस दौरे के दौरान पहाड़ों की राजनीति भी गरमाई रही। बीजेपी के स्थानीय विधायकों और सांसदों के साथ बैठक में गोरखालैंड की मांग और 11 जनजातियों को छठी अनुसूची (Sixth Schedule) में शामिल करने का मुद्दा प्रमुखता से उठा। दार्जिलिंग के विधायक नीरज जिम्बा ने बताया कि बैठक में अलग राज्य या केंद्र शासित प्रदेश बनाने की मांग रखी गई है और नितिन नवीन ने आश्वासन दिया है कि केंद्र सरकार इन स्थायी राजनीतिक समाधानों पर गंभीरता से विचार कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *