सेंसेक्स 1400 अंक टूटा, ₹91 के पार पहुंचा डॉलर— निवेशकों में मची भारी खलबली

पश्चिम एशिया में युद्ध के बाद पैदा हुई अनिश्चितता ने सोमवार को भारतीय शेयर बाजार की कमर तोड़ दी है। सेंसेक्स दोपहर तक 1400 अंक से ज्यादा लुढ़क कर 79,724 के स्तर पर आ गया, जबकि निफ्टी 475 अंकों की गिरावट के साथ 24,692 पर कारोबार करता दिखा। इस भारी गिरावट के कारण निवेशकों के करीब 7.5 लाख करोड़ रुपये डूब गए हैं।
रिलायंस, एलएंडटी और महिंद्रा जैसे दिग्गज शेयरों में भारी गिरावट देखी गई। वहीं, भारतीय रुपया भी दबाव में दिखा और डॉलर के मुकाबले ₹91 के ऐतिहासिक निचले स्तर पर पहुंच गया। ईरान और अमेरिका के बीच तनाव का सबसे ज्यादा असर एनर्जी और पेट्रोलियम सेक्टर के शेयरों (अडानी टोटल गैस, IOC, BPCL) पर पड़ा है, जिनमें 5% तक की गिरावट दर्ज की गई।
विशेषज्ञों का कहना है कि अगले दो-तीन दिनों तक बाजार में यह अस्थिरता बनी रह सकती है। हालांकि, Emkey ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विस का मानना है कि हालात सुधरते ही बाजार फिर से रफ्तार पकड़ेगा। फिलहाल निवेशकों को धैर्य रखने और बाजार की चाल पर नजर रखने की सलाह दी गई है।