बूथ के अंदर और बाहर तीसरी आँख का पहरा! चुनाव आयोग का नया फरमान, अब नहीं चलेगी धांधली।

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय चुनाव आयोग (ECI) फुल एक्शन मोड में आ गया है। सोमवार को डिप्टी चुनाव कमिश्नर ज्ञानेश भारती ने जिलाधिकारियों और आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में निर्णय लिया गया है कि अब प्रत्येक पोलिंग बूथ के अंदर और बाहर दोनों तरफ सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पहले केवल वेबकास्टिंग की व्यवस्था थी, लेकिन अब बाहर की गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखी जाएगी ताकि फर्जी वोटिंग या बूथ कैप्चरिंग की कोशिशों को नाकाम किया जा सके।
आयोग ने सख्त लहजे में कहा है कि बूथ के बाहर माइक्रो-ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे और यदि कोई भी बाहरी व्यक्ति जबरन घुसने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ तुरंत कानूनी कार्रवाई होगी। इसके अलावा, चुनाव के दौरान केंद्रीय सुरक्षा बलों की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए उन्हें किसी भी प्रकार का स्थानीय ‘आतिथ्य’ स्वीकार करने से मना किया गया है। आयोग का मानना है कि इससे चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता बनी रहेगी।
प्रशासनिक तैयारियों में ढिलाई पर नाराजगी जताते हुए आयोग ने कहा कि कई बूथों पर बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी है, जिसे तुरंत दुरुस्त करने की रिपोर्ट मांगी गई है। एक और बड़े फैसले के तहत, 6 मार्च को झारखंड और ओडिशा से कुल 200 जुडिशियल ऑफिसर बंगाल पहुंच रहे हैं। ये अधिकारी उन क्षेत्रों में तैनात होंगे जहां लंबित मामलों की संख्या अधिक है। कोलकाता हाईकोर्ट के साथ वर्चुअल बैठक के बाद यह ऐतिहासिक कदम उठाया गया है ताकि चुनावी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की बाधा न आए।