‘तालिबान भी शरमा जाएगा!’ क्या सरकारी भत्ता टीएमसी की निजी संपत्ति है? बीजेपी ने जारी किया व्हाट्सएप चैट

2026 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में सियासी घमासान तेज हो गया है। बीजेपी ने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर गंभीर आरोप लगाया है कि वे सरकारी योजनाओं जैसे ‘लक्ष्मी भंडार’ और ‘युवा साथी’ का इस्तेमाल मतदाताओं को डराने के लिए कर रहे हैं। बीजेपी के अनुसार, टीएमसी ने फतवा जारी किया है कि जो लोग बीजेपी की ‘संकल्प यात्रा’ में शामिल होंगे, उनका सरकारी भत्ता बंद कर दिया जाएगा।
बीजेपी ने सोशल मीडिया पर एक कथित संदेश साझा किया है, जिसमें टीएमसी कार्यकर्ताओं को उन लोगों को चिह्नित करने का निर्देश दिया गया है जो बीजेपी के कार्यक्रम में जा रहे हैं। बीजेपी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, “सरकारी भत्ता लोगों के टैक्स के पैसे से दिया जाता है, किसी पार्टी के फंड से नहीं। सीएम ममता की ‘महाजंगलराज’ नीति से तालिबान भी लज्जित हो जाएगा।” बीजेपी का दावा है कि हार के डर से अब सरकार जनता को डराने पर उतर आई है।