मध्य पूर्व में युद्ध का कोहराम! फंसे हुए बंगालियों के लिए राज्यपाल की बड़ी पहल, राजभवन में ‘हेल्पडेस्क’ शुरू

ईरान और इजरायल के बीच जारी भीषण संघर्ष ने पूरे मध्य पूर्व (Middle East) को युद्ध की आग में झोंक दिया है। इस भयावह स्थिति के बीच खाड़ी देशों में काम कर रहे पश्चिम बंगाल के लाखों प्रवासियों और उनके परिवारों की चिंता बढ़ गई है। इस मानवीय संकट को देखते हुए पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने बड़ा कदम उठाते हुए राजभवन (लोक भवन) में एक विशेष ‘प्रवासी हेल्पडेस्क’ (Probashi Helpdesk) की शुरुआत की है।
राज्यपाल के निर्देशानुसार, यह विशेष सेल राजभवन के ‘पीस रूम’ में स्थापित किया गया है, जो 24 घंटे कार्यरत रहेगा। मध्य पूर्व में फंसे बंगाल के लोगों के रिश्तेदार या परिजन किसी भी आपात स्थिति या जानकारी के लिए सीधे राजभवन से संपर्क कर सकते हैं। केंद्र सरकार और विदेश मंत्रालय पहले से ही भारतीयों को सुरक्षित वापस लाने के प्रयास कर रहे हैं, लेकिन स्थानीय स्तर पर परिवारों को सहायता और ढांढस बंधाने के लिए राज्यपाल की यह पहल बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
राजभवन के एक अधिकारी ने बताया, “राज्यपाल महोदय ने खाड़ी देशों में रहने वाले बंगाल के लाखों लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस सेल के गठन का निर्देश दिया है। यह सेल पीड़ितों और उनके परिवारों के बीच एक सेतु का काम करेगा।” इस हेल्पडेस्क की कमान विशेष कार्य अधिकारी (OSD) संदीप सिंह राजपूत को सौंपी गई है।
संपर्क सूत्र: मदद चाहने वाले लोग इन नंबरों और ईमेल पर संपर्क कर सकते हैं:
- फोन: 033-22001641
- मोबाइल (संदीप सिंह राजपूत): 97177 73134
- ईमेल: peaceroomrajbhavan@gmail.com
राज्यपाल सीवी आनंद बोस इससे पहले भी बंगाल में पंचायत चुनाव की हिंसा और संदेशखाली जैसे संकटों के दौरान हेल्पडेस्क खोलकर सक्रियता दिखा चुके हैं। अब विदेशी धरती पर फंसे बंगालियों के लिए उनका यह ‘पीस रूम’ एक बड़ी उम्मीद बनकर उभरा है।