चुनाव से पहले रेलवे का तोहफा! जलपाईगुड़ी और हल्दीबाड़ी के बीच दौड़ेंगी दो नई एक्सप्रेस ट्रेनें

बंगाल में चुनावों की सुगबुगाहट के बीच रेल मंत्रालय ने उत्तर बंगाल के यात्रियों के लिए बड़ा धमाका किया है। भारत-बांग्लादेश सीमा पर स्थित हल्दीबाड़ी के लिए रेलवे ने एक साथ दो जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों के विस्तार (Extension) की मंजूरी दे दी है। इस फैसले से न केवल हल्दीबाड़ी, बल्कि जलपाईगुड़ी शहर के यात्रियों की सिलीगुड़ी जाने की वर्षों पुरानी समस्या दूर हो जाएगी।

इन ट्रेनों का हुआ विस्तार: रेलवे बोर्ड की अधिसूचना के अनुसार, 15463/15464 बालुरघाट-न्यू जलपाईगुड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस अब हल्दीबाड़ी तक जाएगी। वहीं, 15467/15468 बामनहाट-सिलीगुड़ी एक्सप्रेस का रूट भी बढ़ाकर हल्दीबाड़ी तक कर दिया गया है।

यात्रियों को क्या होगा फायदा? अब तक जलपाईगुड़ी से सिलीगुड़ी के लिए सुबह केवल एक लोकल ट्रेन और रात को दार्जिलिंग मेल ही उपलब्ध थी। नई ट्रेनों के आने से अब छात्र, ऑफिस जाने वाले लोग और व्यापारी रोजाना आसानी से यात्रा कर सकेंगे। ये दोनों ट्रेनें प्रतिदिन चलेंगी और जलपाईगुड़ी टाउन स्टेशन पर इनका स्टॉपेज होगा। इससे कूचबिहार, सिलीगुड़ी और बालुरघाट के बीच सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा।

राजनीतिक गलियारों में इसे चुनाव से पहले बीजेपी का बड़ा कार्ड माना जा रहा है। जलपाईगुड़ी के सांसद जयंत रॉय ने हाल ही में इसके संकेत दिए थे। हालांकि, ट्रेनें किस तारीख से हल्दीबाड़ी तक चलना शुरू होंगी, इसका आधिकारिक ऐलान होना अभी बाकी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *