Madhyamgram Fire: होली के दिन मचा कोहराम! सिलिंडर धमाकों से दहला मध्यमग्राम, एक की मौत

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में बुधवार को होली के जश्न के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। मध्यमग्राम स्टेशन के पास दोपहर के समय लगी भीषण आग ने एक व्यक्ति की जान ले ली और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। इस अग्निकांड के दौरान एक के बाद एक कई गैस सिलिंडर फटने से पूरा इलाका दहल उठा।
दोपहर 2 बजे का मंजर: स्थानीय सूत्रों के अनुसार, दोपहर करीब 2 बजे स्टेशन रोड स्थित एक मिठाई की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने बगल के एक रेस्टोरेंट और अन्य 4-5 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयानक थी कि सिलिंडरों में विस्फोट होने लगा, जिसकी आवाज काफी दूर तक सुनी गई। होली का दिन होने के बावजूद स्टेशन और फ्लाईओवर के पास काफी लोग मौजूद थे, जो धमाकों की आवाज सुनकर जान बचाने के लिए इधर-बदल भागने लगे।
दमकल विभाग की मशक्कत: सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए दो और इंजन बुलाए गए। कुल चार इंजनों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। भीड़भाड़ वाला इलाका होने के कारण दमकलकर्मियों को शुरुआत में काफी परेशानी हुई। बारसात के एसडीपीओ विद्यासागर अजिंक्य अनंत ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और भीड़ को हटाया।
जान-माल का नुकसान: आग बुझने के बाद एक दुकान के मलबे से एक बुरी तरह जला हुआ शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। इस हादसे में 5 दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं। घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज चल रहा है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही बिराटी स्टेशन के पास यदुबाबू बाजार में आग लगी थी जिसमें 200 दुकानें जल गई थीं। हालांकि वहां कोई जनहानि नहीं हुई थी, लेकिन मध्यमग्राम की इस आग ने त्योहार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या सिलिंडर लीक होने की वजह से।