वर्ल्ड कप से बाहर होते ही पाकिस्तान पर टूटा मुसीबतों का पहाड़! लगा 50 लाख का जुर्माना, कार्तिक ने भी कसा तंज

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से पाकिस्तान की शर्मनाक विदाई ने क्रिकेट जगत में खलबली मचा दी है। सुपर-8 चरण में न्यूजीलैंड और इंग्लैंड से पिछड़ने के बाद बाबर आजम की सेना सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई है। पाकिस्तान की इस हार के बाद टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक ने इंग्लैंड के दिग्गज माइकल एथरटन और नासिर हुसैन को करारा जवाब दिया है।
कार्तिक का वो तीखा कटाक्ष: दरअसल, 2025 चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान एथरटन और नासिर हुसैन ने टीम इंडिया पर निशाना साधते हुए कहा था कि एक ही वेन्यू पर लगातार खेलने से भारत को अनुचित फायदा मिल रहा है। इस वर्ल्ड कप में पाकिस्तान ने अपने सभी मैच कोलंबो में खेले थे। इसी बात को मुद्दा बनाते हुए कार्तिक ने कहा, “मुझे लगा था कि पाकिस्तान इस बार पक्का सेमीफाइनल में पहुंचेगा। वे कोलंबो की पिचों को अच्छी तरह जानते थे। आप लोगों ने (एथरटन और नासिर) ही तो कहा था कि एक ही वेन्यू पर खेलने से बहुत फायदा मिलता है! उस तर्क से तो पाकिस्तान को इस बार बहुत आगे जाना चाहिए था।” कार्तिक के इस बयान ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है।
मैदान पर फ्लॉप और जेब पर मार: पाकिस्तान का सफर सुपर-8 में तब मुश्किल हुआ जब न्यूजीलैंड के खिलाफ उनका मैच बारिश के कारण धुल गया और फिर वे इंग्लैंड से हार गए। आखिरी मैच में श्रीलंका को हराने के बावजूद खराब नेट रन रेट के कारण न्यूजीलैंड सेमीफाइनल में पहुंच गया। इस हार से बौखलाए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने खिलाड़ियों पर कड़ा रुख अपनाया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, खराब प्रदर्शन के चलते प्रत्येक खिलाड़ी पर 50 लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
ग्रुप स्टेज में भारत से हारने के बाद से ही बोर्ड नाराज था। अब वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद खिलाड़ियों को न केवल फैंस की नाराजगी झेलनी पड़ रही है, बल्कि भारी आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ रहा है। दिनेश कार्तिक की इस चुटकी ने पाकिस्तान क्रिकेट की मुश्किलों में ‘नमक’ का काम किया है।