दिल दहला देने वाला हादसा: तीन दोस्तों को डूबते देख सौरव ने लगाई छलांग, गंगा की लहरों में सब समाए

उत्तर २४ परगना के भाटपाड़ा में होली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब गंगा स्नान के दौरान चार लोग गहरे पानी में डूब गए। यह दर्दनाक घटना बलराम सरकार गंगा घाट पर हुई। लापता लोगों में दो युवक, एक युवती और उन्हें बचाने की कोशिश करने वाला एक अन्य स्थानीय युवक शामिल है। गोताखोरों की मदद से शाम तक तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन अभी तक किसी का सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस के अनुसार, ५-६ दोस्तों का एक समूह होली खेलने के बाद गंगा में नहाने गया था। इनमें से सैकत नंदी (३२), सौरव नंदी (२७) और कोलकाता की रहने वाली दीपशिखा दास रजक (२०) तैरते हुए घाट से काफी दूर निकल गए और तेज बहाव में बहने लगे। घाट पर ही बैठे स्थानीय निवासी सौरव सरकार ने जब उन्हें डूबते देखा, तो वह अपनी जान की परवाह किए बिना उन्हें बचाने के लिए गंगा में कूद पड़े। अफसोस कि वह किसी को बचा नहीं पाए और खुद भी लहरों में लापता हो गए।
लापता सैकत और सौरव नंदी भाटपाड़ा के मदराल गवर्नमेंट कॉलोनी के निवासी हैं। सौरव सरकार की मां का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि उनका बेटा अक्सर शाम को वहां टहलने जाता था, उसने दूसरों की जान बचाने के लिए छलांग लगाई थी। घटना की सूचना मिलते ही भाटपाड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। विधायक पवन सिंह ने इस मामले में पुलिस की तत्परता पर सवाल उठाए हैं। गुरुवार सुबह से दोबारा बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। पूरे इलाके में इस वक्त सन्नाटा और गम का माहौल है।