गुजरात के स्कूलों-अदालतों में बम की धमकी! बंगाल से गिरफ्तार हुआ सौरव बिस्वास, अहमदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई

गुजरात के कई स्कूलों और अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले शातिर दिमाग के पीछे अब ‘बंगाल कनेक्शन’ सामने आया है। अहमदाबाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल से सौरव बिस्वास नाम के एक युवक को गिरफ्तार किया है। सौरव पर आरोप है कि उसने गुजरात के आधा दर्जन से अधिक अदालतों और दर्जनों सरकारी व निजी स्कूलों में धमकी भरे ईमेल भेजे थे, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया था।

जांच में पता चला है कि सौरव ने अपनी पहचान छुपाने के लिए वीपीएन (VPN) तकनीक का सहारा लिया और विदेशी सर्वर के माध्यम से ये ईमेल भेजे। हाल ही में पश्चिम बंगाल में भी इसी तरह की घटनाएं हुई थीं, जहां कोलकाता और आसनसोल की अदालतों के साथ-साथ पासपोर्ट ऑफिस और पोस्ट ऑफिसों में भी बम की धमकी वाले ईमेल आए थे। पुलिस कमिश्नर सुप्रतीम सरकार ने तब इन्हें ‘फेक’ करार दिया था, लेकिन सौरव की गिरफ्तारी के बाद अब बंगाल पुलिस यह पता लगाने में जुट गई है कि क्या इन धमकियों के पीछे भी सौरव का ही हाथ था।

अहमदाबाद पुलिस का दावा है कि सौरव बिस्वास देशभर में दहशत फैलाने वाले एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है। अपराध का तरीका (Modus Operandi) बिल्कुल वैसा ही है जैसा बंगाल के मामलों में देखा गया था। फिलहाल ट्रांजिट रिमांड पर उसे अहमदाबाद ले जाया गया है, जहां सुरक्षा एजेंसियां उससे कड़ी पूछताछ कर रही हैं। यह गिरफ्तारी न केवल गुजरात बल्कि बंगाल में हुए हालिया बम थ्रेट्स की गुत्थी सुलझाने में भी अहम साबित हो सकती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *