दुर्गापुर में बवाल: बीजेपी की ‘परिवर्तन यात्रा’ के पोस्टर फाड़ने पर हंगामा, नेशनल हाईवे पर लगाया जाम

पश्चिम बंगाल में ‘परिवर्तन यात्रा’ को लेकर सियासत गरमा गई है। दुर्गापुर के इंडो-अमेरिकन मोड़ पर बीजेपी के पोस्टर फाड़े जाने के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-19) के सर्विस रोड को जाम कर दिया। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के गुंडों ने रात के अंधेरे में प्रधानमंत्री मोदी के पोस्टर फाड़े हैं।
बीजेपी का पुलिस पर आरोप: बीजेपी नेताओं का कहना है कि इलाके में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के बावजूद पुलिस दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। प्रदर्शनकारियों ने करीब 3 घंटे तक सड़क जाम रखा, जिससे औद्योगिक क्षेत्र में भारी ट्रैफिक जाम लग गया। बीजेपी मंडल अध्यक्ष बुद्धदेव मंडल ने कहा कि टीएमसी हार के डर से ऐसी ओछी हरकतें कर रही है। वहीं, टीएमसी नेता उत्तम मुखर्जी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि बीजेपी खुद ही अपने पोस्टर फाड़कर लोगों की सहानुभूति बटोरने की कोशिश कर रही है। एसीपी दुर्गापुर ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है, जिसके बाद जाम हटाया गया।