देश की पहली डिजिटल जनगणना का काउंटडाउन शुरू! सैटेलाइट इमेज और मोबाइल ऐप से होगा डेटा कलेक्शन

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को देश की पहली ‘डिजिटल जनगणना’ का खाका पेश किया। 2027 की जनगणना को सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए शाह ने चार डिजिटल टूल और दो आधिकारिक शुभंकर (Mascot) ‘प्रगति’ और ‘विकास’ का अनावरण किया। C-DAC द्वारा विकसित ये टूल्स डेटा संग्रह की प्रक्रिया को पूरी तरह बदल देंगे।
डिजिटल टूल्स की ताकत: अमित शाह द्वारा लॉन्च किए गए टूल्स में सैटेलाइट इमेजरी आधारित ‘हाउस लिस्टिंग ब्लॉक क्रिएटर’ और 16 भाषाओं में काम करने वाला ‘HLO मोबाइल ऐप’ शामिल है। पहली बार आम जनता के लिए ‘स्व-गणना पोर्टल’ की सुविधा दी गई है, जिससे लोग खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन भर सकेंगे। इससे कागजी काम कम होगा और डेटा सीधे सुरक्षित सर्वर पर अपलोड होगा।
जनगणना का शेड्यूल: 2027 की जनगणना दो चरणों में होगी। पहले चरण (अप्रैल-सितंबर 2026) में मकानों की सूची और सुविधाओं की जानकारी ली जाएगी। दूसरे चरण (फरवरी 2027) में जनसंख्या की मुख्य गणना होगी। खास बात यह है कि इस बार जाति आधारित जनगणना का सवाल भी दूसरे चरण में शामिल किया जाएगा। शाह के अनुसार, 30 लाख से अधिक कर्मचारी इस ऐतिहासिक डिजिटल अभियान का हिस्सा बनेंगे।