दीवार के अंदर ‘जिंदा दफन’! 2 हफ्ते बाद निकली बिल्ली, रेस्क्यू देख फटी रह गईं सबकी आंखें

आयरलैंड के कॉक सिटी से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बिल्ली दो हफ्तों तक दीवार के पीछे फंसी रही और अंत में उसे सुरक्षित निकाल लिया गया। इस घटना ने सबको चौंका दिया है कि कोई जानवर इतने दिनों तक बिना खाने-पीने के दीवार के अंदर कैसे जीवित रह सकता है।
आधी रात को आया कॉल: दमकल विभाग को तड़के 4 बजे एक फोन मिला, जिसमें एक निवासी ने बताया कि उसे दीवार के पीछे से बिल्ली के रोने की आवाज सुनाई दे रही है। मौके पर पहुंची टीम ने थर्मल और साउंड सेंसिंग उपकरणों का इस्तेमाल किया ताकि बिल्ली की सही लोकेशन का पता चल सके। सटीक जगह मिलते ही दमकलकर्मियों ने दीवार तोड़ना शुरू किया।
मालिक की आंखों में आए आंसू: दीवार का एक हिस्सा हटते ही बिल्ली दिखाई दी, जो दो हफ्तों से लापता थी। उसे सुरक्षित बाहर निकालकर उसके मालिक को सौंप दिया गया है। बिल्ली पूरी तरह स्वस्थ है। दमकल विभाग ने इस रेस्क्यू ऑपरेशन की तस्वीरें साझा की हैं, जिन्हें लोग ‘चमत्कार’ कह रहे हैं।