वानखेड़े में संजू-ईशान का तूफान! सेमीफाइनल में इंग्लैंड के सामने 254 रनों का पहाड़, भारत की फाइनल पर नज़र

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आज संजू सैमसन और ईशान किशन ने अपनी बल्लेबाजी से इंग्लैंड के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं। टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के इस दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 253 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया है। इंग्लैंड को फाइनल की रेस में बने रहने के लिए अब 254 रनों की नामुमकिन सी चुनौती पार करनी होगी।
शुरुआत में अभिषेक शर्मा (9) के जल्द आउट होने के बाद संजू सैमसन ने मोर्चा संभाला। संजू ने महज 42 गेंदों में 89 रनों की आतिशी पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे। हालांकि वह अपने शतक से चूक गए, लेकिन उनकी इस पारी ने भारत को ड्राइविंग सीट पर बैठा दिया। ईशान किशन ने भी उनका बखूबी साथ निभाते हुए 18 गेंदों में 39 रन कूटे। इन दोनों के बीच महज 45 गेंदों में 97 रनों की साझेदारी हुई।
पांड्या और तिलक का फिनिशिंग टच: मिडिल ऑर्डर में शिवम दुबे ने 25 गेंदों में 43 रनों का योगदान दिया। हालांकि कप्तान सूर्यकुमार यादव (11) सस्ते में आउट हो गए, लेकिन हार्दिक पांड्या (27) और तिलक वर्मा (21) ने अंत में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर स्कोर को 250 के पार पहुँचाया। तिलक ने अपनी 7 गेंदों की पारी में 3 छक्के जड़े।
अंग्रेज गेंदबाजों की हुई धुनाई: इंग्लैंड के गेंदबाजों के लिए आज का दिन किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। सैम करन ने 4 ओवर में 53 रन लुटाए, जबकि जोफ्रा आर्चर ने अपने कोटे के 4 ओवरों में 61 रन दिए। आदिल रशीद और विल जैक्स को 2-2 सफलताएं तो मिलीं, लेकिन वे रनों की रफ्तार पर लगाम नहीं लगा सके। अगर भारतीय गेंदबाज अपनी लय बरकरार रखते हैं, तो भारत लगातार दूसरी बार वर्ल्ड कप के फाइनल में प्रवेश कर लेगा।