ज्यादा बच्चे पैदा करने पर मिलेंगे २५,००० रुपये! मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू का आंध्र प्रदेश के लिए बड़ा एलान

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य में गिरती जन्मदर को देखते हुए एक चौंकाने वाली घोषणा की है। गुरुवार को विधानसभा में बोलते हुए नायडू ने कहा कि राज्य सरकार उन दंपत्तियों को २५,००० रुपये देने पर विचार कर रही है जिनके दो या दो से अधिक बच्चे हैं। मुख्यमंत्री का लक्ष्य आंध्र प्रदेश की कुल प्रजनन दर (TFR) को वर्तमान १.५ से बढ़ाकर २.१ तक ले जाना है।
पुराने नियम बदलेंगे: एक समय था जब नायडू ने खुद परिवार नियोजन का प्रचार किया था और दो से अधिक बच्चों वाले माता-पिता के चुनाव लड़ने पर रोक लगाई थी। लेकिन अब उन्होंने कहा, “आज स्थिति उलट है। हमें कानून में संशोधन करने की जरूरत है ताकि ज्यादा बच्चों वाले लोग भी स्थानीय चुनाव लड़ सकें। अर्थव्यवस्था के विकास के लिए युवा कार्यबल (Workforce) का होना बहुत जरूरी है।”
आर्थिक संसाधन के रूप में जनसंख्या: मुख्यमंत्री ने चिंता जताई कि वर्तमान में राज्य के लगभग ५८% परिवारों में केवल एक ही बच्चा है। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत में घटती जनसंख्या भविष्य में संसदीय सीटों के प्रतिनिधित्व को भी कम कर सकती है। नायडू ने घोषणा की कि सरकार मार्च के अंत तक एक नई ‘जनसंख्या प्रबंधन नीति’ लाएगी और इसे अप्रैल से लागू किया जाएगा। उनके अनुसार, मानव संसाधन ही राज्य की असली ताकत है और भविष्य के संकट से बचने के लिए प्रजनन दर में सुधार अनिवार्य है।