भारत-न्यूजीलैंड फाइनल का चढ़ा खुमार! फैंस के लिए खुशखबरी, अहमदाबाद जाने के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें

टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का महामुकाबला अब बस चंद कदम दूर है। रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल की जंग होनी है। खिताबी भिड़ंत को लेकर देशभर में जबरदस्त क्रेज है। अहमदाबाद जाने वाले दर्शकों की भारी भीड़ और फ्लाइट्स के आसमान छूते किराए को देखते हुए पश्चिम रेलवे (Western Railway) ने क्रिकेट फैंस को बड़ा तोहफा दिया है। मुंबई और अहमदाबाद के बीच दो विशेष सुपरफास्ट ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया गया है।

तेजस और एसी सुपरफास्ट का सफर: रेलवे ने खासतौर पर उन फैंस का ध्यान रखा है जो महंगे हवाई सफर के कारण मैच देखने से कतरा रहे थे।

  • ट्रेन नंबर 09027/09028: यह एसी सुपरफास्ट तेजस स्पेशल शनिवार रात 11:45 बजे मुंबई सेंट्रल से रवाना होगी और रविवार सुबह 8:30 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। वापसी में यह सोमवार सुबह 3:00 बजे अहमदाबाद से चलेगी।
  • ट्रेन नंबर 09021/09022: यह ट्रेन रविवार सुबह 6:20 बजे मुंबई से चलेगी और दोपहर 12:40 बजे तक फैंस को मैच के लिए अहमदाबाद पहुंचा देगी।

बुकिंग की मची होड़: इन ट्रेनों में फर्स्ट एसी, सेकंड एसी और थर्ड एसी की सुविधाएं दी गई हैं। शनिवार रात की ट्रेन के लिए बुकिंग शुक्रवार से ही शुरू हो चुकी है, जबकि रविवार वाली ट्रेन की बुकिंग शनिवार को खुलेगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, टिकटों की मांग बहुत अधिक है। पिछले बार की चैंपियन टीम इंडिया इस बार भी ट्रॉफी अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी, और इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए फैंस में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *