कैसे मारा गया आयतुल्लाह खामेनेई? नेतन्याहू की गुप्त बैठक और ट्रंप के साथ तालमेल की पूरी इनसाइड स्टोरी

पश्चिम एशिया में जारी भीषण तनाव के बीच इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज़ ने एक चौंकाने वाला दावा किया है। काट्ज़ के अनुसार, ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई की हत्या की साजिश कम से कम 90 दिन पहले ही रच ली गई थी। उन्होंने खुलासा किया कि नवंबर 2025 में प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक गुप्त बैठक बुलाई थी, जिसमें खामेनेई को खत्म करने का ब्लूप्रिंट तैयार किया गया था।
काट्ज़ ने बताया कि इजरायल की योजना पहले 2026 के मध्य में हमला करने की थी, लेकिन ईरान की बढ़ती परमाणु धमकियों और वहां जारी सरकार विरोधी प्रदर्शनों के कारण इस हमले को पहले अंजाम देने का फैसला लिया गया। दिसंबर 2025 में इस योजना को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ साझा किया गया था। रक्षा मंत्री का दावा है कि 28 फरवरी को इजरायल और अमेरिका ने मिलकर ईरान पर सर्जिकल स्ट्राइक की, जिसमें हमले के एक घंटे के भीतर ही खामेनेई मारे गए। इस सटीक हमले में ईरान के कई शीर्ष सैन्य कमांडर भी ढेर हो गए। इस खुलासे के बाद ईरान और इजरायल के बीच सीधा सैन्य टकराव चरम पर पहुंच गया है, जिससे पूरी दुनिया में तीसरे विश्व युद्ध का खतरा मंडराने लगा है।