मैकलारेन का कोहराम! युवभारती में मोहन बागान ने ओडिशा को ५-१ से रौंदा, जेमी ने दागे ४ गोल

साल्ट लेक स्टेडियम में आज ‘मैकलारेन’ नाम का चक्रवात आया, जिसने ओडिशा एफसी की रक्षापंक्ति को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया। इंडियन सुपर लीग (ISL) के एकतरफा मुकाबले में मोहन बागान सुपर जायंट ने ओडिशा एफसी को 5-1 से करारी शिकस्त दी। इस ऐतिहासिक जीत के नायक रहे जेमी मैकलारेन, जिन्होंने शानदार हैट्रिक सहित कुल 4 गोल दागे। इस जीत के साथ मोहन बागान 4 मैचों में 4 जीत और 12 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर मजबूती से काबिज हो गया है।
मैच के 14वें मिनट में कप्तान सुभाशीष बोस के क्रॉस पर मैकलारेन ने हेडर के जरिए पहला गोल कर बागान का खाता खोला। 23वें मिनट में लिस्टन कोलासो के पास को गोल में बदलकर उन्होंने स्कोर 2-0 कर दिया। मैच के 42वें मिनट में अल्बर्टो रोड्रिग्ज ने लंबी दूरी से शॉट लगाकर तीसरा गोल दागा। हालांकि, अगले ही मिनट में ओडिशा के रहीम अली ने एक गोल कर वापसी की कोशिश की, लेकिन हाफ टाइम से ठीक पहले मैकलारेन ने अपनी हैट्रिक पूरी कर स्कोर 4-1 कर दिया। दूसरे हाफ में भी मोहन बागान का दबदबा जारी रहा और 87वें मिनट में मैकलारेन ने अपना चौथा और टीम का पांचवां गोल कर ओडिशा की शर्मनाक हार पर मुहर लगा दी। रेफरी द्वारा दो पेनल्टी न दिए जाने के बावजूद बागान ने अपना ‘फाइव स्टार’ प्रदर्शन जारी रखा। जहां एक ओर मोहन बागान खिताब की ओर मजबूती से बढ़ रहा है, वहीं उनके प्रतिद्वंद्वी ईस्ट बंगाल 4 मैचों में केवल 7 अंकों के साथ चौथे स्थान पर संघर्ष कर रहे हैं।