IPAC के नाम पर विधायक का टिकट दिलाने का झांसा! करोड़ों की ठगी करने वाला युवक कोलकाता में गिरफ्तार

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की आहट के साथ ही राज्य में धोखाधड़ी के मामले भी बढ़ने लगे हैं। ताजा मामला कोलकाता के शेक्सपियर सरणी इलाके से सामने आया है, जहां तृणमूल कांग्रेस की चुनावी रणनीति बनाने वाली संस्था ‘आईपैक’ (I-PAC) का फर्जी प्रतिनिधि बनकर एक युवक ने टीएमसी नेता से लाखों रुपये की ठगी की। पुलिस ने इस मामले में पुरुलिया के रहने वाले रत्नदीप महतो को गिरफ्तार किया है, जो पेशे से बीसीए (BCA) पास है।

पुलिस के अनुसार, रत्नदीप ने पुरुलिया के रघुनाथपुर विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिलाने का वादा कर स्थानीय टीएमसी नेता को फोन किया था। उसने खुद को आईपैक का सदस्य बताया और टिकट के बदले 1 करोड़ रुपये की मांग की। झांसे में आकर नेता ने अग्रिम के तौर पर उसे कुछ लाख रुपये दे भी दिए थे। आरोपी ने विश्वास जीतने के लिए कुछ फर्जी स्क्रीनशॉट भी भेजे थे। हालांकि, बाद में नेता को रत्नदीप की बातों पर संदेह हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। टीएमसी ने स्पष्ट किया है कि पार्टी में टिकट वितरण की एक पारदर्शी प्रक्रिया है और किसी बाहरी संस्था या व्यक्ति को पैसे देकर टिकट नहीं मिलता। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *