सैंडविच-चॉकलेट ग्राफ़िक्स पर भड़के तृणमूल नेता, वामपंथी महिला को सरेआम ‘रेट’ पूछने पर घिरे कुणाल घोष

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के अवसर पर तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद कुणाल घोष एक बड़े विवाद के केंद्र में आ गए हैं। एक वामपंथी महिला समर्थक के सोशल मीडिया पोस्ट पर कुणाल घोष द्वारा किए गए ‘रेट’ वाले कमेंट ने राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। विपक्ष इसे महिला का अपमान बता रहा है, जबकि कुणाल के समर्थकों का कहना है कि यह ‘फेक नैरेटिव’ का करारा जवाब है।
क्या था पूरा मामला? हावड़ा की रहने वाली जुई बसु नामक महिला, जो खुद को वामपंथी विचारधारा से जोड़ती हैं, ने फेसबुक पर एक विवादास्पद ग्राफ़िक्स साझा किया। इस तस्वीर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को धरना स्थल पर सैंडविच खाते और कुणाल घोष को हाथ में चॉकलेट लिए दिखाया गया था। पोस्ट का मकसद ममता बनर्जी के ऐतिहासिक भूख हड़ताल पर सवाल उठाना था।
कुणाल घोष का तीखा पलटवार: इस पोस्ट से नाराज होकर कुणाल घोष ने कमेंट बॉक्स में लिखा, “श्रीमती जुई, आपका रेट क्या है? मेरा मतलब है, इस तरह के विकृत ग्राफिक्स बनाने के लिए आप कितने पैसे लेती हैं? अपना रेट पोस्ट कर देंगी तो सबको सुविधा होगी।” कुणाल ने आगे उन्हें सीपीएम का ‘वंशवादी कॉमरेड’ भी कहा।
महिला दिवस पर तीखी प्रतिक्रिया: महिला दिवस के दिन एक महिला के लिए ‘रेट’ जैसे शब्द का इस्तेमाल करने पर कुणाल घोष की चौतरफा निंदा हो रही है। आलोचकों का कहना है कि एक पूर्व राज्यसभा सांसद को अपनी भाषा की मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए था। यदि ग्राफिक्स गलत थे, तो वे साइबर सेल में शिकायत कर सकते थे। हालांकि, टीएमसी खेमे का तर्क है कि मुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक पोस्ट करने वालों को उनकी ही भाषा में जवाब देना जरूरी है। फिलहाल, सोशल मीडिया पर यह बहस ‘अश्लीलता’ बनाम ‘राजनीतिक प्रतिशोध’ के बीच उलझी हुई है।