बदला लेने के लिए तैयार ‘सूर्या’ ब्रिगेड! अहमदाबाद में आज किवी टीम के खिलाफ होगा विश्व विजेता का फैसला

19 नवंबर 2023 की वह शाम, अहमदाबाद का नरेंद्र मोदी स्टेडियम और भारत की हार—यह सब अभी भी भारतीय प्रशंसकों के जेहन में ताजा है। रविवार, 8 मार्च 2026, टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल का मंच तैयार है। इस बार भारत के सामने न्यूजीलैंड की चुनौती है। क्या भारतीय टीम अहमदाबाद के इस ‘शाप’ को मिटाकर विश्व चैंपियन बन पाएगी? या इतिहास खुद को दोहराएगा?
2019 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली हार का बदला लेने का यह बेहतरीन मौका है। भारतीय टीम के लिए अभिषेक शर्मा की फॉर्म चिंता का विषय जरूर है, लेकिन मिडिल ऑर्डर में संजू सैमसन ने जिस तरह से जिम्मेदारी संभाली है, उससे टीम का हौसला बुलंद है। दूसरी ओर, कीवी टीम के आक्रामक बल्लेबाज फिन एलेन, जिन्होंने ईडन गार्डन्स में महज 33 गेंदों में शतक जड़ा था, भारत के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं।
भारत की संभावित एकादश: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, संजू सैमसन, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह।
न्यूजीलैंड की संभावित एकादश: टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलेन, रचिन रवींद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, जेम्स नीशम, मिचेल सेंटनर (कप्तान), कोल मैककोन्ची, मैट हेनरी और लॉकी फर्ग्यूसन।
मैच का टॉस शाम 6:30 बजे होगा और खेल शाम 7:00 बजे शुरू होगा। क्या सूर्य की सेना आज जीत का परचम लहराएगी? यह देखना दिलचस्प होगा।