बंगाल में राष्ट्रपति के अपमान पर बवाल! पीएम मोदी ने तृणमूल को घेरा, ममता बनर्जी का पलटवार- “बीजेपी की राजनीति कर रही हैं मुर्मू”

पश्चिम बंगाल में दार्जिलिंग के अंतर्राष्ट्रीय संथाल सम्मेलन के आयोजन को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राज्य सरकार के बीच विवाद गहरा गया है। राष्ट्रपति मुर्मू ने कार्यक्रम स्थल में बदलाव और कुप्रबंधन पर सार्वजनिक रूप से निराशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि खराब यातायात और दूरदराज के इलाके के कारण कई संथाल भाई-बहन अपनी संस्कृति के इस उत्सव में शामिल नहीं हो सके। साथ ही, बंगाल के किसी मंत्री के मौजूद न रहने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
इस मुद्दे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “एक तरफ देश नारी शक्ति का जश्न मना रहा है, तो दूसरी तरफ ममता सरकार ने एक आदिवासी महिला राष्ट्रपति का अपमान किया है। यह न केवल राष्ट्रपति का, बल्कि भारत के संविधान और लोकतंत्र का अपमान है।”
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इसका कड़ा जवाब देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम एक निजी संस्था द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें राज्य सरकार की कोई भूमिका नहीं थी। उन्होंने सवाल उठाया, “जब मणिपुर और भाजपा शासित राज्यों में आदिवासियों पर अत्याचार होता है, तब राष्ट्रपति चुप क्यों रहती हैं? चुनाव के समय भाजपा राष्ट्रपति का इस्तेमाल राजनीति के लिए कर रही है।” टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने भी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राष्ट्रपति पद की गरिमा का दुरुपयोग कर भाजपा के इशारे पर राज्य सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाए जा रहे हैं।