“राष्ट्रपति खड़ी हैं और पीएम मोदी बैठे हैं!” ममता बनर्जी ने तस्वीर दिखाकर प्रधानमंत्री पर बोला तीखा हमला

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के कथित अपमान को लेकर जारी विवाद में अब पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पलटवार किया है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर कोलकाता के धरना मंच से ममता बनर्जी ने एक पुरानी तस्वीर दिखाई, जिसमें राष्ट्रपति मुर्मू खड़ी होकर लालकृष्ण आडवाणी को सम्मानित कर रही हैं, जबकि प्रधानमंत्री मोदी पास में बैठे हुए हैं।

ममता बनर्जी ने कहा, “तस्वीर देखिए, राष्ट्रपति खड़ी हैं और प्रधानमंत्री बैठे हैं। हम ऐसा कभी नहीं करते। हम साधारण महिलाओं के आने पर भी सम्मान में खड़े हो जाते हैं।” उन्होंने पीएम मोदी को ‘चुनावी पक्षी’ (Vote Bird) बताते हुए कहा कि चुनाव आते ही उन्हें बंगाल के आदिवासियों और विभिन्न समुदायों की याद आने लगती है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जिस कार्यक्रम में अव्यवस्था की बात की जा रही है, वह एक निजी संस्था का था और राज्य सरकार ने पहले ही इसकी सीमाओं के बारे में सूचित कर दिया था।

ममता ने केंद्र पर तंज कसते हुए कहा कि जिस स्थान पर कार्यक्रम हुआ वह एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधीन है, फिर राज्य को दोष क्यों? उन्होंने 10 सांसदों और विधायकों की एक समिति बनाई है जो दिल्ली जाकर राष्ट्रपति को बंगाल में आदिवासी विकास कार्यों का ‘रिपोर्ट कार्ड’ सौंपेगी। ममता ने जोर देकर कहा कि भाजपा केवल चुनाव के कारण बंगाल को निशाना बना रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *