“चंद्रिमा, इस पर एक शब्द भी नहीं!” धरना मंच पर ममता ने मंत्री को टोका, राष्ट्रपति विवाद पर बदला रुख

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बंगाल दौरे पर जारी सियासी घमासान के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी पार्टी के नेताओं को सख्त हिदायत दी है। रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मेट्रो चैनल पर आयोजित कार्यक्रम में जब मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने राष्ट्रपति के बयान का जिक्र करते हुए बोलना शुरू किया, तो ममता बनर्जी ने उन्हें बीच में ही रोक दिया। ममता ने दो टूक शब्दों में कहा, “चंद्रिमा, इस विषय पर कोई टिप्पणी नहीं। राष्ट्रपति पर कोई हमला नहीं करेगा।”

माना जा रहा है कि ममता बनर्जी चुनाव से पहले इस संवेदनशील मुद्दे पर किसी भी तरह की ‘गलती’ की गुंजाइश नहीं छोड़ना चाहतीं। सिलीगुड़ी में राष्ट्रपति की नाराजगी और प्रधानमंत्री मोदी के ट्वीट के बाद भाजपा ने टीएमसी को घेरना शुरू कर दिया है। ऐसे में ममता ने कमान संभालते हुए कहा, “माननीय राष्ट्रपति की कोई गलती नहीं है। जो कुछ भी कहना है, मैं कहूंगी। कई गलतफहमियां फैलाई जा रही हैं, जिसका जवाब मैं खुद दूंगी।” मुख्यमंत्री का यह सख्त रुख स्पष्ट करता है कि वे राष्ट्रपति पद की गरिमा को ढाल बनाकर भाजपा को कोई चुनावी बढ़त नहीं लेने देना चाहतीं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *