बीजेपी की ‘परिवर्तन रथ यात्रा’ के बाद टीएमसी ने गंगाजल से धोई सड़कें! कहा- “लोकतंत्र के हत्यारों ने मिट्टी अपवित्र की”

पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर शहर में शनिवार को उस समय राजनीतिक ड्रामा चरम पर पहुंच गया, जब बीजेपी की ‘परिवर्तन रथ यात्रा’ के गुजरने के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ताओं ने झाड़ू और गंगाजल लेकर सड़कों की सफाई शुरू कर दी। टीएमसी का दावा है कि बीजेपी के ‘जहरीले रथ’ ने क्रांतिकारियों की इस पवित्र भूमि को अपवित्र कर दिया है, इसलिए इसका ‘शुद्धिकरण’ जरूरी था।
जैसे ही बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष शमीक भट्टाचार्य के नेतृत्व में रथ यात्रा शहर से केशपुर की ओर रवाना हुई, टीएमसी नेता और पार्षद पंडितों के साथ सड़कों पर उतर आए। मंत्रोच्चारण के बीच सड़कों पर गंगाजल छिड़का गया और झाड़ू लगाई गई। पश्चिम मेदिनीपुर जिला युवा टीएमसी अध्यक्ष निर्मल्य चक्रवर्ती ने कहा, “जिन्होंने SIR के नाम पर लाखों मतदाताओं के नाम काटकर लोकतंत्र की हत्या की है, उन्होंने मेदिनीपुर की मिट्टी को दूषित किया है। हमने इस मिट्टी को फिर से पवित्र किया है।” इस दौरान गृह मंत्री अमित शाह को ‘मोहम्मद बिन तुगलक’ बताते हुए उनका पुतला भी फूंका गया।
बीजेपी ने टीएमसी की इस हरकत को ‘चुनावी नौटंकी’ करार दिया है। बीजेपी का कहना है कि बंगाल की जनता बदलाव के लिए तैयार है और टीएमसी की हार का डर अब इस तरह की हरकतों के रूप में सामने आ रहा है।