उत्तराखंड में खौफनाक रात! टैक्सी ड्राइवर की दरिंदगी से बचने के लिए रात भर जंगल में छिपी रही दिल्ली की युवती

उत्तराखंड की वादियों में घूमने आई दिल्ली की एक ३१ वर्षीय युवती के साथ टैक्सी ड्राइवर द्वारा दुष्कर्म के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अपनी अस्मत बचाने के लिए युवती को बिना मोबाइल फोन के पूरी रात उत्तराखंड के खूंखार जंगलों में छिपकर बितानी पड़ी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, युवती गुरुवार को दिल्ली से काठगोदाम पहुंची थी और वहां से नैनीताल जाने के लिए टैक्सी किराए पर ली थी। रात करीब १:३० बजे ड्राइवर दीपक सिंह बोरा ने गाड़ी को एक सुनसान रास्ते पर रोक दिया। युवती के विरोध करने पर ड्राइवर ने उसके साथ बदसलूकी की, उसका फोन छीन लिया और बलात्कार की कोशिश की। खुद को बचाने के लिए युवती टैक्सी से कूदकर पास के घने जंगल की ओर भाग गई।

पूरी रात दहशत और ठंड के बीच जंगल में कटे रहने के बाद, शुक्रवार सुबह वह किसी तरह एक गांव पहुंची और ग्रामीणों की मदद से पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और जीपीएस की मदद से आरोपी दीपक को दबोच लिया और युवती का फोन भी बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *