डायनासोर के शरीर पर साही जैसे कांटे! 12 करोड़ साल पुराने ‘अजीब’ जीव ने वैज्ञानिकों को चौंकाया

डायनासोर के बारे में अब तक इंसान की जो धारणा थी, उसे चीन की एक ताजा खोज ने पूरी तरह बदल दिया है। वैज्ञानिकों को एक ऐसे डायनासोर का जीवाश्म मिला है, जिसके शरीर पर साही (Porcupine) की तरह नुकीले कांटे थे। इस खोज ने न केवल वैज्ञानिकों को हैरान कर दिया है, बल्कि डायनासोर के विकासक्रम (Evolution) पर भी नए सवाल खड़े कर दिए हैं।
हावलोंग डोंगि: एक नई प्रजाति चीन के लियाओनिंग प्रांत के एक गांव में जमीन के नीचे से इस डायनासोर का जीवाश्म बरामद किया गया है। वैज्ञानिकों ने इस नई प्रजाति का नाम ‘हावलोंग डोंगि’ (Haolong Dongi) रखा है। जिस जीवाश्म की जांच की गई, वह एक शिशु डायनासोर का है, लेकिन यह इतनी बेहतर स्थिति में है कि आधुनिक तकनीक से इसकी आकृति को स्पष्ट रूप से समझा जा सका।
त्वचा पर मिले नुकीले कांटे: वैज्ञानिकों ने जांच में पाया कि इस डायनासोर की त्वचा पर कई नुकीली चीजें मौजूद थीं। पहले लगा कि ये हड्डियों के हिस्से हो सकते हैं, लेकिन माइक्रोस्कोपिक जांच से पता चला कि ये कांटे वास्तव में उसकी त्वचा का हिस्सा थे, ठीक वैसे ही जैसे साही के कांटे होते हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार, यह जीव लगभग 12 करोड़ साल पहले धरती पर घूमता था।
रक्षा कवच या कुछ और? न्यूजवीक पत्रिका में प्रकाशित इस रिपोर्ट के अनुसार, डायनासोर की प्रजातियों में इस तरह की विशेषता पहली बार देखी गई है। वैज्ञानिकों का मानना है कि शिकारी जानवरों से अपनी जान बचाने के लिए प्रकृति ने इन्हें यह ‘कांटेदार कवच’ दिया होगा। डायनासोर के इतिहास में ‘हावलोंग डोंगि’ ने अब एक रहस्यमयी अध्याय जोड़ दिया है, जिस पर अभी और शोध जारी है।