बिहार की राजनीति में ‘निशांत’ उदय! नीतीश कुमार के बेटे ने थामा JDU का दामन, पिता रहे नदारद

बिहार की राजनीति में रविवार को एक बड़े बदलाव की शुरुआत हुई जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने औपचारिक रूप से जनता दल यूनाइटेड (JDU) की सदस्यता ग्रहण की। लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए निशांत ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में राजनीति की दुनिया में अपना पहला कदम रखा। दिलचस्प बात यह रही कि बेटे के राजनीतिक सफर की शुरुआत के इस ऐतिहासिक मौके पर नीतीश कुमार खुद मौजूद नहीं थे।

निशांत को मिली बड़ी जिम्मेदारी के संकेत: जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा और केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने निशांत कुमार को पार्टी की टोपी और अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। निशांत की एंट्री ऐसे समय में हुई है जब नीतीश कुमार खुद राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर चुके हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह बिहार में सत्ता के हस्तांतरण का संकेत हो सकता है और नीतीश जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं।

पिता की विरासत को बढ़ाएंगे आगे: पार्टी में शामिल होने के बाद निशांत कुमार ने कहा, “मेरे पिता ने पिछले 20 वर्षों में बिहार के विकास के लिए जो किया है, उस पर मुझे गर्व है। उनके निर्देशों का पालन करते हुए मैं पार्टी संगठन को मजबूत करूँगा और जनता के दिलों में जगह बनाने का प्रयास करूँगा।” कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ “जय नीतीश, जय निशांत” के नारे लगाए और मुख्यालय के बाहर पटाखे फोड़कर जश्न मनाया।

मंदिर में पूजा और शहीदों को नमन: जेडीयू दफ्तर पहुंचने से पहले निशांत ने पटना जंक्शन के पास स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना की और शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। हालांकि पार्टी में उनकी आधिकारिक भूमिका जल्द तय की जाएगी, लेकिन यह स्पष्ट है कि उन्हें कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। बिहार में ‘नीतीश युग’ के बाद की तैयारियों की झलक अब साफ दिखने लगी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *