आधी रात को हॉस्टल में खूनी तांडव! 9वीं के छात्र ने लोहे की रॉड से दोस्तों को उतारा मौत के घाट

कर्नाटक के बल्लारी जिले से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है, जिसे सुनकर कोई भी दंग रह जाए। शनिवार की रात एक निजी आवासीय स्कूल (गुरुकुल) के हॉस्टल में नौवीं कक्षा के एक छात्र ने अपने ही सो रहे साथियों पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 अन्य छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

क्या है पूरी घटना? पुलिस के अनुसार, रात के समय जब सभी छात्र गहरी नींद में थे, तभी आरोपी किशोर अचानक हिंसक हो उठा। उसने लोहे की रॉड उठाकर अंधाधुंध हमला करना शुरू कर दिया। मृतक छात्र आंध्र प्रदेश के विजयनगरम का रहने वाला बताया जा रहा है। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हमलावर ने केवल अपने दोस्तों को ही नहीं, बल्कि बीच-बचाव करने आए हॉस्टल वार्डन और एक ड्राइवर को भी बुरी तरह जख्मी कर दिया।

पुलिस और फॉरेंसिक जांच: वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्र मौके से फरार हो गया है। बल्लारी रेंज के आईजीपी पीएस हर्षा ने बताया कि मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण बेहद संवेदनशील है। उन्होंने कहा, “हम जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत मामले की जांच कर रहे हैं। फॉरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने साक्ष्य जुटा लिए हैं।”

अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आखिर इस मासूम दिखने वाले छात्र के मन में इतनी नफरत कहां से आई। क्या वह किसी मानसिक बीमारी का शिकार है या किसी रंजिश का बदला ले रहा था? इस घटना ने आवासीय स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और उनके मानसिक तनाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *