दूध में घुला फ्रिज का जहर, 10 लोगों की मौत! आंध्र प्रदेश में दूध व्यवसायी की लापरवाही ने ली जानें

आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले में मिलावटी और जहरीला दूध पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। फॉरेंसिक रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि दूध में इथाइलीन ग्लाइकॉल (Ethylene Glycol) नाम का घातक रसायन मौजूद था। यह रसायन फ्रिज को ठंडा रखने के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जो फ्रिज के चैंबर में लीकेज के कारण दूध में मिल गया था।
लापरवाही की इंतहा: आरोपी दूध व्यवसायी अडाला गणेश्वरा राव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जांच में पता चला कि गणेश्वरा राव को फ्रिज में लीकेज की जानकारी थी, लेकिन उसने इसे गंभीरता से नहीं लिया और लीकेज बंद करने के लिए सिर्फ ‘एम-सील’ लगा दिया। 15 फरवरी को इकट्ठा किया गया दूध इसी खराब फ्रिज में रखा गया था, जिसे पीने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। पड़ोसियों ने दूध का स्वाद कड़वा होने की शिकायत भी की थी, लेकिन लालच में अंधे व्यवसायी ने दूध बेचना जारी रखा।
शरीर पर घातक असर: विशेषज्ञों के अनुसार, इथाइलीन ग्लाइकॉल शरीर में जाते ही अंगों को नुकसान पहुंचाना शुरू कर देता है। 24 घंटे के भीतर सांस लेने में तकलीफ और दिल की धड़कन असामान्य हो जाती है और 72 घंटों के भीतर किडनी पूरी तरह फेल हो जाती है। अभी भी 10 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है जिनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पुलिस जांच में खुलासे: पूछताछ के दौरान आरोपी ने माना कि वह 80 लीटर शुद्ध दूध में 30 लीटर पानी मिलाता था। फ्रिज साफ करने के लिए वह भारी मात्रा में डिटर्जेंट का उपयोग करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और मिलावट की विभिन्न धाराओं के तहत 9 मामले दर्ज किए हैं।