राष्ट्रपति खड़ी हैं और मोदी बैठे हैं”, फोटो दिखाकर ममता का पीएम पर सीधा वार! बंगाल में नया सियासी घमासान!

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रविवार को कोलकाता के धरनामंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सिलीगुड़ी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति पर हो रहे विवाद का जवाब देते हुए ममता ने इसे ‘बंगाल को बदनाम करने की साजिश’ करार दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव करीब आते ही केंद्र सरकार हर बात के लिए बंगाल को दोष देना शुरू कर देती है।
ममता बनर्जी ने मंच पर एक तस्वीर दिखाते हुए प्रोटोकॉल के मुद्दे पर पीएम मोदी को घेरा। तस्वीर में राष्ट्रपति मुर्मू खड़ी दिखाई दे रही थीं और प्रधानमंत्री बैठे हुए थे। इस पर तंज कसते हुए ममता ने कहा, “राष्ट्रपति खड़ी हैं और प्रधानमंत्री बैठे हैं, हम ऐसा व्यवहार नहीं करते। हमें पता है कि सम्मान कैसे दिया जाता है।” उन्होंने सिलीगुड़ी कार्यक्रम के आयोजन पर सवाल उठाते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधीन था, इसलिए वहां की किसी भी अव्यवस्था के लिए राज्य सरकार जिम्मेदार नहीं है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उन्हें कार्यक्रम के बारे में सही तरीके से सूचित नहीं किया गया था और वे जनता के अधिकारों के लिए पहले से ही धरने पर बैठी थीं। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मुद्दे पर भी उन्होंने पीएम मोदी को आड़े हाथों लिया। ममता ने कहा, “प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर पूछा कि हम महिला दिवस क्यों मना रहे हैं? हम इसे हजारों बार, करोड़ों बार मनाएंगे। उन्हें हमारी आलोचना करने का कोई हक नहीं है।” गौरतलब है कि कल राष्ट्रपति मुर्मू ने ममता को अपनी ‘छोटी बहन’ बताते हुए उनके न आने पर दुख जताया था, जिसका जवाब आज ममता ने कड़े राजनीतिक तेवरों के साथ दिया है।