गर्मी से पहले महंगाई का झटका! १५% तक महंगे होंगे एसी, वोल्टटास-एलजी समेत बड़ी कंपनियों ने बढ़ाये दाम!

कड़कड़ाती गर्मी दस्तक देने वाली है, लेकिन उससे पहले एसी (AC) की कीमतों ने आम आदमी के पसीने छुड़ा दिए हैं। डाइकिन, वोल्टटास, एलजी और ब्लू स्टार जैसी दिग्गज कंपनियों ने अपने एसी मॉडलों की कीमतों में ५ से १५ प्रतिशत तक की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। इस बढ़ोतरी के पीछे मुख्य वजह तांबे (कॉपर) और एल्युमीनियम की बढ़ती कीमतें, डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी और मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध के कारण माल ढुलाई खर्च में हुआ इजाफा है।

डाइकिन इंडिया के चेयरमैन कवलजीत जावा के अनुसार, कच्चे माल की कीमतों में रिकॉर्ड उछाल और वैश्विक अस्थिरता ने आयात को महंगा बना दिया है। इसके अलावा, १ जनवरी २०२६ से लागू हुए बीईई (BEE) के नए ऊर्जा मानकों के कारण भी एसी बनाना महंगा हो गया है। हालांकि नए ५-स्टार एसी पुराने मॉडल की तुलना में ११ प्रतिशत ज्यादा बिजली बचाएंगे, लेकिन इनकी निर्माण लागत बढ़ गई है। एलजी ने अपने मॉडलों में ७ से १० प्रतिशत और हायर ने ८ प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की है, जो मार्च से प्रभावी हो गई है।

कंपनियों का मानना है कि इस साल भीषण गर्मी के पूर्वानुमान के चलते एसी की मांग में १५ प्रतिशत तक का उछाल आ सकता है। राहत की बात यह है कि सरकार ने एसी पर जीएसटी को २८ प्रतिशत से घटाकर १८ प्रतिशत कर दिया है, जिससे बढ़ी हुई कीमतों का असर थोड़ा कम होगा। विशेषज्ञों का सुझाव है कि अगर आप इस साल एसी खरीदने का मन बना रहे हैं, तो मार्च की शुरुआत ही सबसे सही समय है, क्योंकि सीजन के चरम पर कीमतें और भी ऊपर जा सकती हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *