क्लासरूम बना मसाज पार्लर! छात्रा से कमर दबवाती दिखीं हेडमिस्ट्रेस, वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप!

उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले से शिक्षा जगत को शर्मसार करने वाला एक वीडियो सामने आया है। यहां एक प्राथमिक विद्यालय की हेडमिस्ट्रेस क्लासरूम के भीतर ही एक मासूम छात्रा से मसाज करवाती नजर आईं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया, जिसके बाद विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी शिक्षिका को तत्काल प्रभाव से निलंबित (Suspend) कर दिया है।
क्या है पूरा मामला? यह मामला चित्रकूट के कर्वी ब्लॉक स्थित नया बाजार पार्ट-1 प्राथमिक विद्यालय का है। आरोपी शिक्षिका की पहचान मधु कुमारी राय के रूप में हुई है, जो वहां प्रधान अध्यापिका के पद पर तैनात थीं। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि हेडमिस्ट्रेस फर्श पर पेट के बल लेटी हुई हैं और स्कूल यूनिफॉर्म पहनी एक छात्रा उनके ऊपर चढ़कर अपनी टांगों से उनकी पीठ और कमर की मालिश कर रही है। हद तो तब हो गई जब छात्रा को बेलन लेकर मैडम के शरीर पर मालिश करते देखा गया।
दबाव में छात्रा से कराया काम: रिपोर्ट्स के मुताबिक, छात्रा ने शुरुआत में मना किया था कि उसे मसाज करना नहीं आता, लेकिन शिक्षिका ने उसे जबरन अपनी पीठ पर चढ़ने को कहा। स्कूल के ही किसी कर्मचारी ने इस पूरी करतूत को अपने फोन में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल होते ही जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) ने मामले का संज्ञान लिया और शिक्षिका को सस्पेंड कर जांच के आदेश दिए।
वहीं, दूसरी ओर आरोपी शिक्षिका मधु कुमारी राय ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि यह वीडियो ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस’ (AI) के जरिए बनाया गया है और उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। फिलहाल विभाग इस मामले की गहराई से जांच कर रहा है।