ईरान की कमान अब मुजतबा के हाथ! अमेरिका-इजराइल की धमकियों के बीच खामेनेई के बेटे की ताजपोशी, छिड़ेगा भीषण युद्ध?

मिडल-ईस्ट के रणक्षेत्र में एक बड़ा उलटफेर हो चुका है। पूर्व सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत के ९ दिन बाद, उनके बेटे ५६ वर्षीय मुजतबा खामेनेई को ईरान का नया सर्वोच्च नेता नियुक्त किया गया है। रविवार को ईरान की ‘असेंबली ऑफ एक्सपर्ट्स’ ने इस पर मुहर लगा दी। यह नियुक्ति तब हुई है जब इजराइल और अमेरिका लगातार ईरान को अंजाम भुगतने की धमकियां दे रहे थे। परिषद ने अपने बयान में कहा कि उन्होंने “अमेरिकी और यहूदी शासन की क्रूरता” के बावजूद यह फैसला लेने में रत्ती भर भी संकोच नहीं किया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस नियुक्ति पर आगबबूला होते हुए कहा है कि अमेरिका की मंजूरी के बिना मुजतबा का टिकना असंभव है। वहीं ईरान ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि यह उनका आंतरिक मामला है और इसमें किसी भी बाहरी हस्तक्षेप की अनुमति नहीं दी जाएगी। विदेश मंत्री अब्बास अरागची ने तो यहां तक कह दिया कि ट्रंप को इस युद्ध की स्थिति के लिए ईरान की जनता से माफी मांगनी चाहिए।

मुजतबा की ताजपोशी के साथ ही तेहरान में मौत का तांडव भी शुरू हो गया है। रविवार रात इजराइली बमबारी में तेहरान के ५ तेल डिपो तबाह हो गए, जिससे चारों तरफ जहरीला काला धुआं फैल गया है। इस हमले में ४ लोगों की मौत हो गई और शहर की तेल आपूर्ति ठप हो गई है। ईरान के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अब तक १२-सौ लोग मारे जा चुके हैं और १० हजार से ज्यादा घायल हैं। ईरान के प्रवक्ता अली मोहम्मद नैनी ने चेतावनी दी है कि वे अब तक अपनी पुरानी मिसाइलें इस्तेमाल कर रहे थे, लेकिन अब वे सबसे घातक दूरगामी मिसाइलें तैनात करने जा रहे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *