दिल्ली की डेडलाइन पर नबन्ना की रिपोर्ट! राष्ट्रपति के दौरे पर मचे घमासान के बीच मुख्य सचिव ने भेजा जवाब

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हालिया बंगाल दौरे को लेकर छिड़ा विवाद अब दिल्ली तक पहुंच गया है। सिलीगुड़ी में राष्ट्रपति द्वारा “कुर्सियां खाली क्यों हैं?” और “मुझे सभा नहीं करने दी गई” जैसे बयानों के बाद केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कड़ा रुख अपनाया है। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती को पत्र लिखकर रविवार शाम ५ बजे तक विस्तृत रिपोर्ट मांगी थी।
नबन्ना (राज्य सचिवालय) के सूत्रों के अनुसार, समय सीमा का पालन करते हुए मुख्य सचिव ने शाम ५ बजे से पहले ही अपनी रिपोर्ट दिल्ली भेज दी है। हालांकि रिपोर्ट की सामग्री अभी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का पूरा ब्यौरा दिया गया है। इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी ने भी ममता सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था कि टीएमसी ने मर्यादा की सारी सीमाएं लांघ दी हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि केंद्र इस रिपोर्ट पर क्या प्रतिक्रिया देता है।