नौकरी के नाम पर लाखों की ठगी! बीजेपी नेता के खिलाफ लगे पोस्टर, मेदिनीपुर में मचा हड़कंप

पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी के बीच पश्चिम मेदिनीपुर के दासपुर इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक स्थानीय बीजेपी नेता पर नौकरी दिलाने के नाम पर मोटी रकम वसूलने का आरोप लगा है। दासपुर के कलोरा इलाके में बीजेपी नेता तपन दत्त के खिलाफ पोस्टर लगाए गए हैं, जिसमें उनसे पैसे वापस करने की मांग की गई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार की सुबह गांव की दीवारों पर ये पोस्टर देखे गए। पोस्टरों में साफ तौर पर लिखा है कि तपन दत्त ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर जो पैसे लिए हैं, उन्हें तुरंत लौटाया जाए। इस घटना के बाद इलाके में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। विपक्ष इसे बीजेपी का ‘भ्रष्ट चेहरा’ बता रहा है, वहीं बीजेपी के अंदरुनी हलकों में चर्चा है कि यह पार्टी के भीतर चल रही गुटबाजी का नतीजा हो सकता है।
तृणमूल कांग्रेस ने इस मुद्दे पर बीजेपी को घेरते हुए कहा है कि बीजेपी नेता जनता को लूटने का काम कर रहे हैं। हालांकि, आरोपी नेता तपन दत्त की ओर से अभी तक इस पर कोई बयान नहीं आया है। चुनाव से ठीक पहले इस तरह के आरोपों और पोस्टरों ने बीजेपी की छवि को नुकसान पहुंचाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि इन पोस्टरों के पीछे किसका हाथ है।