हावड़ा में आधी रात को भीषण आग! टायर गोदाम धू-धू कर जला, करोड़ों की संपत्ति खाक

हावड़ा जिले के डोमजूर थाना अंतर्गत पाकड़िया इलाके में रविवार आधी रात को एक टायर गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। नेशनल हाईवे के किनारे स्थित इस गोदाम में लगी आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते पूरा इलाका घने काले धुएं की चादर में लिपट गया। आग की लपटों ने न केवल गोदाम में रखे टायरों को राख कर दिया, बल्कि पास में खड़ी एक विशाल क्रेन भी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रविवार देर रात गोदाम से हल्का धुआं निकलता देखा गया था, जिसे शुरुआत में लोगों ने नजरअंदाज कर दिया। लेकिन कुछ ही देर में टायर के ढेर ने आग पकड़ ली और लपटें कई फीट ऊपर उठने लगीं। आग की तपिश इतनी ज्यादा थी कि आसपास के लोग चाहकर भी पास नहीं जा पा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां और डोमजूर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। राहत कार्य का जायजा लेने स्थानीय विधायक कल्याण घोष भी पहुंचे। उन्होंने कहा, “फिलहाल प्राथमिकता आग पर काबू पाने और बचाव कार्य की है। आग लगने के कारणों की जांच पुलिस और दमकल विभाग द्वारा की जा रही है।”
दमकल विभाग का प्रारंभिक अनुमान है कि शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ होगा। हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है। जांच जारी है।