धर्मतला के मंच से ममता की खुली चेतावनी, क्या एक खास ‘समुदाय’ को लेकर दी धमकी? वीडियो वायरल

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के एक ताजा बयान ने राज्य में राजनीतिक भूचाल ला दिया है। सोमवार को धर्मतला में धरना मंच से दिए गए उनके भाषण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने एक खास ‘समुदाय’ और ‘एकजुटता’ को लेकर ऐसी टिप्पणी की है जिसे विपक्षी दल ‘भड़काऊ’ बता रहे हैं।
ममता बनर्जी का विवादित बयान: वायरल वीडियो में ममता बनर्जी कहती नजर आ रही हैं, “हम हैं इसलिए आप सब सुरक्षित हैं। अगर हम नहीं रहे, तो सिर्फ एक सेकंड लगेगा। जब एक कम्युनिटी एकजुट नहीं होती, तो घेरने वाले एक सेकंड में आपका ’12 बजा’ देंगे। अगर आप अपना ’13’ नहीं बजवाना चाहते, तो बीजेपी के दुष्प्रचार में न आएं।” हालांकि मुख्यमंत्री ने अपने पूरे भाषण में किसी विशेष धर्म (हिंदू या मुस्लिम) का नाम नहीं लिया, लेकिन बीजेपी ने इसे सीधे तौर पर हिंदुओं के लिए दी गई चेतावनी करार दिया है।
शुभेंदु अधिकारी का पलटवार: ममता के इस बयान पर नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अब मुस्लिम समुदाय ममता के साथ नहीं बल्कि हुमायूं कबीर जैसे नेताओं के साथ है, और हिंदू भी अब एकजुट होने लगे हैं। वहीं, सोशल मीडिया पर बीजेपी समर्थकों का दावा है कि ममता बनर्जी अब खुलेआम बंगाली हिंदुओं को डरा रही हैं। मंच से ममता ने यह भी आरोप लगाया कि बीजेपी उनकी सभा में घुसकर लीफलेट बांट रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि ऐसे लोगों को पकड़कर पुलिस के हवाले करें और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएं।