धोनी को वर्ल्ड कप जिताने वाला कोच अब श्रीलंका के साथ! जयसूर्या की जगह लेंगे गैरी कर्स्टन

मेजबान श्रीलंका के लिए टी-20 वर्ल्ड कप का अंत किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। टूर्नामेंट से बाहर होते ही सनथ जयसूर्या ने मुख्य कोच के पद से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (SLC) ने बिना वक्त गंवाए एक बड़ा नाम सामने लाकर सबको चौंका दिया है। भारत को २०११ में विश्व विजेता बनाने वाले दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज गैरी कर्स्टन अब श्रीलंका के नए हेड कोच होंगे।

सोमवार को की गई घोषणा के अनुसार, कर्स्टन १५ अप्रैल से तीनों फॉर्मेट में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे। उनका कार्यकाल १४ अप्रैल २०२८ तक यानी दो साल के लिए होगा। बोर्ड का मुख्य उद्देश्य २०२७ में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप के लिए एक मजबूत टीम तैयार करना है। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड को उम्मीद है कि कर्स्टन का अनुभव टीम की किस्मत बदल देगा।

उतार-चढ़ाव भरा रहा है सफर गैरी कर्स्टन का ट्रैक रिकॉर्ड शानदार रहा है, लेकिन हाल के दिनों में उन्हें चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। पाकिस्तान के व्हाइट बॉल कोच के रूप में उनका कार्यकाल महज छह महीने चला, जहां २०२४ वर्ल्ड कप में पाकिस्तान को अमेरिका जैसी टीम से हारकर बाहर होना पड़ा था। हालिया टी-20 वर्ल्ड कप में वे नामीबिया के सलाहकार थे। हालांकि, श्रीलंका बोर्ड को भरोसा है कि एशियाई परिस्थितियों में कर्स्टन का अनुभव टीम को फिर से खड़ा करने में मदद करेगा।

हार का बदला और नई उम्मीद श्रीलंका ने इस टी-20 वर्ल्ड कप की शुरुआत शानदार तरीके से की थी। ग्रुप स्टेज में ऑस्ट्रेलिया जैसी टीम को हराकर उन्होंने सुपर-आठ में जगह बनाई थी। लेकिन जिम्बाब्वे से हारने के बाद टीम की लय बिगड़ गई और सुपर-आठ में लगातार तीन हार ने उनके सफर को खत्म कर दिया। अब कर्स्टन के कंधों पर दासुन शनाका की टीम को मानसिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की बड़ी जिम्मेदारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *