“जैसे बच्चों वाला स्पाइडरमैन…” चुनाव आयुक्त के तीखे तेवर देख ममता बनर्जी ने उड़ाया मजाक!

कोलकाता पहुंचे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने सोमवार को बंगाल के प्रशासनिक अधिकारियों की क्लास लगा दी। जिलाधिकारियों और पुलिस आयुक्तों के साथ बैठक में उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि चुनाव में लापरवाही बरतने वालों को ‘बख्शा नहीं जाएगा’। इस बैठक में एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) विनीत गोयल समेत कई बड़े अफसरों को चुनाव आयुक्त की फटकार झेलनी पड़ी। लेकिन यह ‘धमकी भरा अंदाज’ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को रास नहीं आया और उन्होंने धरना मंच से चुनाव आयोग की तुलना ‘स्पाइडरमैन’ से कर दी।

आयोग का सख्त रुख बैठक के दौरान ज्ञानेश कुमार ने चेतावनी दी कि चुनाव के बाद भी अगर कोई दोषी पाया गया, तो कार्रवाई निश्चित है। उन्होंने कहा, “कोई भाग नहीं पाएगा, हम अंत तक देखेंगे।” नारकोटिक्स से लेकर आबकारी विभाग तक, हर कोई आयोग के निशाने पर रहा। आयोग ने साफ कर दिया कि चुनाव बाद की हिंसा को लेकर उनकी जीरो टॉलरेंस की नीति रहेगी।

ममता का करारा जवाब ममता बनर्जी ने इन धमकियों को ‘मूर्खों का स्वर्ग’ करार दिया। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा, “अधिकारियों को डराने वाले लोग भ्रम में हैं। वे खुद को सुपर गॉड या बच्चों वाला स्पाइडरमैन समझ रहे हैं, जो कुछ भी कर सकता है। आप वोटर्स को बहका रहे हैं, लेकिन याद रखिए मई के बाद आप खुद अपनी कुर्सी पर रहेंगे या नहीं, इसका कोई ठिकाना नहीं है।” ममता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और एजेंसियां मिलकर बंगाल के लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश कर रही हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *