फाइनल में खोया आपा, अब भुगतेंगे सजा! भारतीय पेसर अर्शदीप सिंह ने तोड़ा अनुशासन, आईसीसी ने की कार्रवाई

टीम इंडिया ने भले ही टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया हो, लेकिन स्टार तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के लिए एक बुरी खबर आई है। न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मुकाबले में अभद्र व्यवहार और अनुशासन तोड़ने के कारण आईसीसी (ICC) ने अर्शदीप पर मैच फीस का १५ प्रतिशत जुर्माना लगाया है। उन पर आईसीसी की आचार संहिता की धारा २.৯ के उल्लंघन का आरोप लगा है।
मैदान पर क्या हुआ था? यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के ११वें ओवर की है। अर्शदीप की गेंद पर डैरिल मिचेल ने शॉट खेला और गेंद सीधे गेंदबाज के हाथों में गई। जैसे ही अर्शदीप ने देखा कि मिचेल क्रीज से थोड़ा बाहर हैं, उन्होंने बिना सोचे-समझे गेंद सीधे बल्लेबाज की ओर फेंक दी, जो मिचेल को जाकर लगी। इस हरकत से कीवी बल्लेबाज भड़क गए और दोनों के बीच तीखी बहस हुई। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया, लेकिन अंपायरों ने इसे गंभीरता से लिया।
सजा का ऐलान: मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट ने अर्शदीप को लेवल-१ के अपराध का दोषी पाया है। जुर्माने के साथ-साथ उनके रिकॉर्ड में एक ‘डिमेरिट पॉइंट’ भी जोड़ दिया गया है। अर्शदीप ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है, इसलिए मामले में आगे की सुनवाई नहीं होगी। हालांकि अर्शदीप इस वर्ल्ड कप में भारत के सबसे सफल गेंदबाजों में से एक रहे हैं, लेकिन फाइनल की इस घटना ने उनके अनुशासित रिकॉर्ड पर सवाल खड़े कर दिए हैं।