शकीरा का भारत में धमाका! १९ साल बाद लौट रही हैं ‘वाका वाका’ क्वीन, क्या साथ दिखेंगे दिलजीत दोसांझ?

ग्लोबल पॉप सेंसेशन शकीरा पूरे १९ साल बाद फिर से भारतीय प्रशंसकों के दिलों की धड़कनें बढ़ाने आ रही हैं। २००७ के बाद यह पहला मौका होगा जब शकीरा भारतीय सरजमीं पर अपना लाइव कॉन्सर्ट करेंगी। उनका यह दौरा ‘फीडिंग इंडिया’ पहल का हिस्सा है, जिसका मुख्य उद्देश्य भारत में बच्चों के कुपोषण के प्रति जागरूकता फैलाना और संयुक्त राष्ट्र के ‘जीरो हंगर’ लक्ष्य का समर्थन करना है।

तारीख और जगह: शकीरा के धमाकेदार शो की शुरुआत मुंबई से होगी। १० और ११ अप्रैल को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में उनके दो शो आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद १५ अप्रैल को वह दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में अपनी आवाज़ का जादू बिखेरेंगी। चर्चा है कि पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ भी इस मंच पर उनके साथ नज़र आ सकते हैं, जिससे इस कॉन्सर्ट का रोमांच दोगुना हो गया है।

टिकटों की मारामारी: टिकटों की बिक्री ९ मार्च से शुरू हो चुकी है। जनरल एंट्री के लिए टिकट की कीमत ४,५०० से ६,০০০ रुपये रखी गई है। वहीं, प्रीमियम और वीआईपी एक्सपीरियंस चाहने वालों को एक टिकट के लिए ३२,০০০ से ३५,০০০ रुपये तक खर्च करने होंगे।

पिछली बार जब २००७ में शकीरा मुंबई आई थीं, तब ऐश्वर्या राय और अभिषेक बच्चन जैसे बड़े बॉलीवुड सितारों ने शिरकत की थी। शकीरा ने खुद अपनी ख़ुशी जाहिर करते हुए कहा कि वह दिल्ली और मुंबई के अपने फैंस से मिलने के लिए बेहद उत्साहित हैं। क्या आप भी ‘हिप्स डोंट लाई’ पर थिरकने के लिए तैयार हैं?

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *