विजय के साथ बढ़ती नजदीकियों के बीच तृषा ने तोड़ी चुप्पी! बताया क्यों टूटी थी 2015 में उनकी सगाई?

दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों थलापति विजय और तृषा कृष्णन के रिश्तों को लेकर कयासों का बाजार गर्म है। हाल ही में चेन्नई में एक शादी समारोह में दोनों की साथ में एंट्री ने आग में घी डालने का काम किया है। पिछले साल दिसंबर में विजय की पत्नी संगीता द्वारा तलाक की अर्जी दिए जाने के बाद से ही यह चर्चा तेज है कि विजय और तृषा रियल लाइफ कपल बनने जा रहे हैं। इसी गहमागहमी के बीच तृषा की पुरानी सगाई टूटने का किस्सा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
साल 2015 में तृषा ने व्यवसायी वरुण मनियन से सगाई की थी, लेकिन कुछ ही समय बाद यह रिश्ता टूट गया। तृषा ने बाद में एक इंटरव्यू में इसका खुलासा करते हुए कहा था, “जिस व्यक्ति से मेरी शादी होने वाली थी, वह चाहता था कि मैं अभिनय छोड़ दूं। लेकिन मैंने अपने करियर को चुना। मैं मरते दम तक इसी इंडस्ट्री का हिस्सा रहना चाहती हूं।” तृषा की अपने काम के प्रति इसी दीवानगी ने उन्हें शादी की दहलीज से वापस मोड़ दिया था।
विजय और तृषा की जोड़ी ने करीब 15 साल बाद फिल्म ‘लियो’ में वापसी की है। जहां विजय अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘तमिलगा वेट्री कझगम’ को लेकर चर्चा में हैं, वहीं तृषा के साथ उनके नाम के जुड़ने से उनके प्रशंसक हैरान भी हैं और खुश भी। हाल ही में अभिनेता पार्थिवन की एक टिप्पणी पर तृषा ने करारा जवाब देते हुए अपनी स्वतंत्र पहचान को फिर से साबित किया। फिलहाल, विजय और तृषा ने अपने रिश्ते पर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा है, लेकिन फैंस को किसी बड़े एलान का बेसब्री से इंतजार है।