बंगाल चुनाव से पहले PM Modi का बड़ा धमाका, रेल परियोजनाओं की झड़ी से ममता के गढ़ में हलचल!

पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी के बीच केंद्र सरकार ने राज्य के रेल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए एक बहुत बड़ा फैसला लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में बंगाल और झारखंड के रेल इन्फ्रास्ट्रक्चर को आधुनिक बनाने के लिए कई मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। खुद प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर इसे पूर्वी भारत के विकास के लिए एक मील का पत्थर बताया है।
परियोजनाओं का विवरण और बजट: केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस मेगा प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि सांतरागाछी-खड़गपुर और साईंथिया-पाकुड़ के बीच चौथी रेलवे लाइन के निर्माण को हरी झंडी दे दी गई है। बजट की बात करें तो सांतरागाछी-खड़गपुर परियोजना के लिए 2905 करोड़ रुपये और साईंथिया-पाकुड़ लाइन के लिए 1569 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। यह परियोजनाएं न केवल यात्री ट्रेनों की आवाजाही को सुगम बनाएंगी, बल्कि माल ढुलाई में भी तेजी लाएंगी, जिससे बंगाल की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
PM मोदी का विजन: प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा, “यह कदम पूर्वी भारत में कनेक्टिविटी को सशक्त करेगा। इससे यातायात का दबाव कम होगा और पश्चिम बंगाल व झारखंड के 5 जिलों के बीच संपर्क मजबूत होगा। यह टिकाऊ और कम कार्बन उत्सर्जन वाले परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम है।”
पुरुलिया को मिला बड़ा तोहफा: लंबे समय से सीधी ट्रेन की मांग कर रहे पुरुलिया के निवासियों के लिए भी बड़ी खबर है। अब पुरुलिया से दिल्ली (आनंद विहार) के लिए सीधी ट्रेन ‘पुरुलिया-आनंद विहार एक्सप्रेस’ शुरू होने जा रही है। इससे पहले यात्रियों को ट्रेन बदलनी पड़ती थी या दूसरे स्टेशनों पर जाना पड़ता था। चुनाव से ठीक पहले मोदी सरकार की यह घोषणा बंगाल में रेल कनेक्टिविटी के साथ-साथ राजनीतिक समीकरणों को भी प्रभावित कर सकती है।