गोबरडांगा स्टेशन के पास भीषण आग का तांडव! 12 दुकानें जलकर खाक, मची भारी अफरा-तफरी

उत्तर 24 परगना के गोबरडांगा स्टेशन से सटे रेल बाजार में मंगलवार सुबह भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। एक होटल में गैस सिलेंडर फटने के कारण लगी इस आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 12 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयानक थी कि आसमान में काले धुएं का गुबार स्टेशन के प्लेटफॉर्म से भी साफ दिखाई दे रहा था।
सिलेंडर विस्फोट ने बढ़ाई तबाही: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग सबसे पहले बाजार के एक होटल में लगी। होटल में रखे सिलेंडरों में एक के बाद एक कई धमाके हुए, जिससे आग तेजी से फैल गई। किराने, दशकर्मा और कॉस्मेटिक्स की दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो गई हैं। व्यापारियों ने आनन-फानन में अपनी दुकानों का सामान निकालकर रेलवे ट्रैक पर जमा किया, जिससे कुछ नुकसान कम हुआ। हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
दमकल विभाग की मशक्कत: इलाका बेहद संकरा और भीड़भाड़ वाला होने के कारण दमकल की गाड़ियों को आग के स्रोत तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। व्यापारियों का आरोप है कि शुरुआती दमकल इंजन में पानी कम होने के कारण आग पर काबू पाने में देरी हुई।
प्रशासनिक जांच: दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि “प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट लग रहा है, लेकिन सिलेंडर ब्लास्ट ने इसे और भयावह बना दिया। कुल 10-12 दुकानें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं।” कुछ दिन पहले मध्यमग्राम में भी इसी तरह की घटना हुई थी, जिसके बाद अब गोबरडांगा की इस घटना ने बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा और अग्नि सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।