ईएम बाईपास पर बड़ी साजिश नाकाम? रूबी मोड़ से 6 संदिग्धों को पुलिस ने दबोचा!

कोलकाता पुलिस ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी सक्रियता दिखाते हुए ईएम बाईपास के रूबी मोड़ इलाके से छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। लालबाजार के खुफिया विभाग (डिडेक्टिव डिपार्टमेंट) की ‘वॉच सेक्शन’ ने सोमवार रात एक गुप्त अभियान चलाकर इन लोगों को दबोचा। पुलिस को अंदेशा है कि ये सभी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने के लिए रूबी मोड़ जैसे व्यस्त इलाके में जमा हुए थे।

खुफिया जानकारी से मिली कामयाबी: पुलिस सूत्रों के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से रूबी मोड़ इलाके में कुछ संदिग्ध बाहरी लोगों के घूमने की खबरें आ रही थीं। खुफिया इनपुट मिलने के बाद सोमवार शाम से ही सादे कपड़ों में पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी थी। जैसे ही इन छह लोगों की गतिविधियां असामान्य लगीं, पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब न मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

क्या है मास्टर प्लान? जांच अधिकारी अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या ये लोग शहर के किसी गिरोह का हिस्सा हैं या फिर अंतरराज्यीय अपराधी हैं। खुफिया प्रमुख रूपेश कुमार ने बताया, “मामले की जांच चल रही है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।” पुलिस यह भी देख रही है कि क्या इन लोगों का संबंध हाल ही में शहर में हुई किसी अन्य आपराधिक घटना से है।

सुरक्षा व्यवस्था सख्त: इस गिरफ्तारी के बाद रूबी मोड़, साइंस सिटी और आसपास के बाईपास इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। लालबाजार के एक अधिकारी ने कहा कि पुलिस किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई कर रही है। आम जनता से भी अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल धृतों से कड़ी पूछताछ कर उनके अन्य साथियों का सुराग लगाने की कोशिश की जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *